Dainik Athah

सैफई पहुंचा मुलायम का पार्थिव शरीर

पीएम मोदी शामिल होंगे अंतिम संस्कार में, सीएम योगी व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी पहुंचे सैफई


अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने सुबह 8 बजकर 16 मिनट पर अंतिम सांस ली। 82 साल के मुलायम सिंह करीब 2 साल से ब्लड प्रेशर और यूरिन इन्फेक्शन जैसी बीमारियों से जूझ रहे थे।

मुलायम का पार्थिव शरीर सड़क के रास्ते सैफई पहुंच गया है। सैफई के मेला मैदान में मंगलवार दोपहर 3 बजे उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मंगलवार को गुजरात से सीधे सैफई पहुंच रहे हैं। वहीं सीएम योगी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी अंतिम दर्शन के लिए सैफई पहुंच गए हैं।
उधर, नेताजी की मौत की खबर मिलते ही पूरा सैफई शोक में डूब गया। उनके गांव के लोग उनके घर के बाहर जमा हो गए। उनके घर से 500 मीटर दूर मेला मैदान में सपा नेता मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मैदान में सारी तैयारियां शुरू हो गई हैं। वहीं यमुना एक्सप्रेस-वे पर मथुरा टोल प्लाजा पहुंचने पर शव वाहन में तकनीकी खराबी आने से काफिले को कुछ देर रुकना पड़ा। मथुरा टोल प्लाजा के पास गुड्डू पंडित अखिलेश को पकड़ कर फफक-फफक कर रो पड़े।


UP में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित


मुलायम के निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया। प्रदेश सरकार ने यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। सीएम योगी ने अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंत्रीपरिषद की बैठक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी गई। परिवार के और लोग भी मेदांता पहुंचे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें 2 अक्टूबर को यहां भर्ती कराया गया था। तब से वह आईसीयू में थे। निधन की खबर मिलते ही यूपी में शोक की लहर फैल गई मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से ले जाते समय रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश की। सैफई में मुलायम सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।


राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताते हुए लिखा- साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे।
पीएम मोदी ने मुलायम के निधन पर शोक जताया। कहा- मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा- भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में मुलायम का अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
डिप्टी सीएम ने शोक जताया
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मुलायम सिंह यादव के निधन की दुखद सूचना प्राप्त हुई। ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने ट्वीट किया, “सपा के संस्थापक और वरिष्ठ राजनेता मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखद है। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

राजनीतिक गलियारे में शोक
मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारे में शोक है। विभिन्न पार्टी के नेताओं ने दुख जताया है। दो अक्टूबर से अखिलेश, डिंपल और शिवपाल यादव दिल्ली में हैं। बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राजा भैया, जनता दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव भी मेदांता पहुंचे थे। अखिलेश यादव से मुलाकात कर मुलायम की सेहत की जानकारी ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *